प्रधानमंत्री श्रम योगी मानधन पेंशन योजना का जनपद में व्यापक प्रचार अभियान शुरू
एम. ए. हक
असंगठित श्रमिकों को बड़ी राहत
कुशीनगर: दिनांक 21 जनवरी 2026 को असंगठित क्षेत्र में कार्यरत श्रमिकों को वृद्धावस्था में सामाजिक सुरक्षा प्रदान करने के उद्देश्य से संचालित प्रधानमंत्री श्रम योगी मानधन पेंशन योजना के प्रचार-प्रसार को लेकर श्रम विभाग द्वारा जनपद कुशीनगर में व्यापक अभियान चलाया जा रहा है।श्रम प्रवर्तन अधिकारी अलंकृता उपाध्याय ने बताया कि यह केंद्र सरकार की एक महत्वाकांक्षी सामाजिक सुरक्षा योजना है, जिसके अंतर्गत 18 से 40 वर्ष आयु वर्ग के असंगठित श्रमिक पंजीकरण करा सकते हैं। योजना के अंतर्गत पात्र श्रमिक को 60 वर्ष की आयु पूर्ण करने के बाद न्यूनतम 3000 रुपये प्रतिमाह पेंशन प्रदान की जाती है।
इन श्रमिकों को मिलेगा योजना का लाभ* योजना के तहत रिक्शा चालक, ठेला व फेरी लगाने वाले, मोची, नाई, धोबी, माली, दर्जी, कूड़ा बीनने वाले, घरेलू कामगार, निर्माण श्रमिक, मजदूर, दूध दुहने वाले, पशुपालक, ईंट-भट्ठा मजदूर, दुकानों में कार्यरत कर्मचारी, होटल-ढाबा कर्मी सहित असंगठित क्षेत्र में कार्य करने वाले विभिन्न श्रमिक पात्र हैं। उन्होंने बताया कि मासिक आय 15 हजार रुपये से कम तथा आयकर दाता न होने वाले श्रमिक इस योजना में आवेदन कर सकते हैं। 22 हजार से अधिक श्रमिकों का हो चुका है पंजीकरण* श्रम प्रवर्तन अधिकारी ने जानकारी दी कि जनपद कुशीनगर में अब तक 22,177 असंगठित श्रमिकों का पंजीकरण कराया जा चुका है। शेष पात्र श्रमिकों को योजना से जोड़ने के लिए विभाग द्वारा निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।
ऑनलाइन पंजीकरण की सुविधा
उन्होंने बताया कि श्रमिक ई-श्रम कार्ड, बैंक पासबुक एवं मोबाइल नंबर के माध्यम से नजदीकी जनसेवा केंद्र अथवा www.mandhan.in वेबसाइट पर स्वयं भी पंजीकरण कर सकते हैं। योजना से संबंधित किसी भी प्रकार की जानकारी अथवा सहायता के लिए श्रमिक श्रम कार्यालय से संपर्क कर सकते हैं।
Comments
Post a Comment