मासूम लापता कन्हैया कुमार की तलाश हेतु विधिक सेवा प्राधिकरण की विशेष अपील
एम. ए. हक
कुशीनगर: दिनांक 21 जनवरी 2026 को झारखण्ड राज्य के रांची जनपद अंतर्गत ओरमांझी थाना क्षेत्र के शंकर घाट सिलदिरी ग्राम निवासी कक्षा-03 के छात्र कन्हैया कुमार दिनांक 22 नवम्बर 2025 से लापता हैं। प्राप्त जानकारी के अनुसार कन्हैया कुमार ओरमांझी ब्लॉक चौक के समीप स्थित एसएस प्लस टू उच्च विद्यालय के पास बच्चों के साथ फुटबॉल खेलने गया था खेल के उपरान्त वह ओरमांझी ब्लॉक चौक से कुच्चू जाने वाले मार्ग पर स्थित ममता मार्केट पहुँचा, जहाँ उसकी माता श्रीमती शांति देवी चाट-पुटका की दुकान चलाती हैं। बताया गया कि कन्हैया ने स्वयं चाट बनाकर अपनी माँ को खिलाई और यह कहते हुए वहाँ से चला गया कि वह थोड़ी देर में वापस आएगा, किंतु इसके बाद से उसका कोई पता नहीं चल सका कन्हैया के परिवार की आर्थिक स्थिति अत्यंत दयनीय है। उसकी माता शांति देवी चाट-पुटका की दुकान के माध्यम से परिवार का भरण-पोषण करती हैं और पूरा परिवार अत्यंत गरीबी में जीवन यापन कर रहा है। लापता बच्चे की खोज हेतु झारखण्ड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ से पत्राचार कर सहयोग का अनुरोध किया गया है। इसके क्रम में उत्तर प्रदेश के समस्त जनपदों में जिला विधिक सेवा प्राधिकरणों एवं पैरा लीगल वॉलंटियर्स के माध्यम से लापता बालक की तलाश हेतु प्रयास तेज किए गए हैं। इसी क्रम में कार्यालय जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, कुशीनगर के अपर जिला जज/सचिव शैलेन्द्र मणि त्रिपाठी द्वारा जनपद के समस्त नागरिकों से मानवीय आधार पर सहयोग की विशेष अपील की गई है। यदि किसी भी व्यक्ति को कहीं भी लापता मासूम कन्हैया कुमार दिखाई देता है या उसके संबंध में कोई भी सूचना प्राप्त होती है, तो वह तत्काल मोबाइल नंबर – 9453250991 पर सूचना प्रदान कर सकता है। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, कुशीनगर द्वारा आमजन से अपील की जाती है कि मानवता के इस पुनीत कार्य में सहयोग कर एक माँ को उसके लापता बेटे से मिलाने में सहायता प्रदान करें।
Comments
Post a Comment