कोहरे में सड़क सुरक्षा को लेकर जिला प्रशासन सख्त
एम. ए. हक
व्यावसायिक व गन्ना ढुलाई वाहनों में रेट्रो-रिफ्लेक्टिव टेप अनिवार्य
सुरक्षित वाहनों से ही करें गन्ने की ढुलाई-डीएम
कुशीनगर: दिनांक 09 जनवरी 2026 को शीत ऋतु में कोहरा एवं स्मॉग के कारण सड़क दुर्घटनाओं की बढ़ती घटनाओं को देखते हुए जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। जिलाधिकारी के निर्देश पर जनपद में संचालित सभी व्यावसायिक वाहनों, विशेषकर गन्ना ढुलाई में लगे ट्रक, ट्रैक्टर-ट्रॉली व अन्य मालवाहक वाहनों पर मानकानुसार रेट्रो-रिफ्लेक्टिव टेप लगाना अनिवार्य कर दिया गया है। नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के विरुद्ध कठोर प्रवर्तन कार्रवाई की जाएगी जिलाधिकारी ने बताया कि केन्द्रीय मोटरयान नियमावली, 1989 के नियम-104 के अंतर्गत सभी व्यावसायिक वाहनों पर रेट्रो-रिफ्लेक्टिव एवं रियर मार्किंग टेप लगाया जाना आवश्यक है। हाल के दिनों में प्रदेश में कोहरे के दौरान हुई भीषण सड़क दुर्घटनाओं ने यह स्पष्ट कर दिया है कि कम दृश्यता एवं तेज गति जानलेवा साबित हो सकती है। ऐसे में सड़क सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है। गन्ना पेराई सत्र के दृष्टिगत चीनी मिलों की ओर जाने वाले मार्गों पर वाहनों की संख्या बढ़ गई है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि ओवरलोडिंग, ओवरहाइट, बॉडी से बाहर लटकता माल तथा एक ट्रैक्टर के साथ एक से अधिक ट्रॉली जोड़कर वाहन संचालन पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा, तथा गन्ने की ढुलाई केवल रात्रि में ही किये जाने हेतु निर्देशित किया गया है। गन्ना लदे ट्रकों की अधिकतम अनुमन्य ऊँचाई 4 मीटर से अधिक नहीं होगी निर्देशों के अनुसार वाहनों की पिछली ओर लाल अथवा पीले रंग की फ्लोरोसेंट पेंटिंग, पर्याप्त चौड़ाई की रेट्रो-रिफ्लेक्टिव टेप तथा कम से कम एक मीटर लंबा लाल कपड़ा या फ्लैग (डेंजर मार्किंग) स्पष्ट रूप से लगाया जाना अनिवार्य है। चीनी मिलों, गन्ना क्रय केंद्रों, मंडियों एवं प्रमुख परिवहन स्थलों पर शिविर लगाकर ऑन-द-स्पॉट रिफ्लेक्टिव टेप लगाने की व्यवस्था भी की जाएगी। इसके साथ ही पुलिस, परिवहन, लोक निर्माण विभाग, एनएचएआई सहित अन्य संबंधित विभागों के समन्वय से सड़कों पर लेन मार्किंग, रिफ्लेक्टिव साइन व रोड स्टड के नवीनीकरण का कार्य प्राथमिकता पर कराया जाएगा जिलाधिकारी ने वाहन चालकों से अपील की है कि कोहरे के दौरान सावधानीपूर्वक वाहन चलाएं, गति सीमा का पालन करें तथा सुरक्षा मानकों का पूर्ण अनुपालन सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा माननीय मुख्यमंत्री की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है और किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
Comments
Post a Comment