डीएम के निर्देश पर जिले में चलेगा विशेष एम०आर० टीकाकरण अभियान
एम. ए. हक
कुशीनगर: जनपद में बच्चों को खसरा-रूबेला (एम०आर०) जैसी गंभीर बीमारी से सुरक्षित रखने के उद्देश्य से नियमित टीकाकरण कार्यक्रम के अंतर्गत विशेष एम०आर० टीकाकरण अभियान संचालित किया जाएगा यह जानकारी जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर द्वारा दी गई जिलाधिकारी ने बताया कि राज्य स्तरीय स्टेट टास्क फोर्स की समीक्षा बैठक में एम०आर० मामलों की स्थिति एवं कवरेज की समीक्षा के उपरांत यह निर्णय लिया गया है कि अभियान के प्रथम चरण में 5 से 10 वर्ष आयु वर्ग के सभी बच्चों को एम०आर० वैक्सीन की एक डोज प्रदान की जाएगी यह अभियान 16 फरवरी 2026 से प्रारंभ होकर अधिकतम 27 फरवरी 2026 तक जनपद के समस्त सरकारी शिक्षण संस्थानों, विद्यालयों, मदरसों एवं अन्य शैक्षणिक संस्थानों में संचालित किया जाएगा। अभियान के अंतर्गत कक्षा 1 से कक्षा 5 तक अध्ययनरत सभी बच्चों को टीकाकरण से आच्छादित किया जाएगा अभियान की सफलता सुनिश्चित करने हेतु विभागीय स्तर पर विस्तृत कार्ययोजना तैयार की गई है। विद्यालयों का माइक्रोप्लान, ब्लॉक स्तरीय समन्वय बैठकें, मीडिया अभिमुखीकरण तथा जनपद एवं राज्य स्तर पर सतत निगरानी की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। जिलाधिकारी ने स्वास्थ्य, शिक्षा, महिला एवं बाल विकास, सूचना एवं जनसम्पर्क, अल्पसंख्यक कल्याण विभाग सहित समस्त संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए अभियान को सफल बनाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि विद्यालयों एवं मदरसों में अभिभावकों के साथ पूर्व बैठक आयोजित कर बच्चों की शत-प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित की जाए तथा टीकाकरण टीमों को आवश्यक सहयोग प्रदान किया जाए जिलाधिकारी ने जनपदवासियों से अपील की कि वे इस जनहितकारी अभियान में सक्रिय सहभागिता करें तथा अपने बच्चों का निर्धारित तिथि पर अनिवार्य रूप से टीकाकरण कराएं, जिससे जनपद को एम०आर० जैसी संक्रामक बीमारियों से मुक्त किया जा सके।
Comments
Post a Comment