केआईपीएस से नवोदय में तीन बच्चों का चयन, क्षेत्र में खुशी की लहर
लकमुद्दीन अंसारी की रिपोर्ट
कुशीनगर: जनपद के नेबुआ नौरंगिया क्षेत्र के लक्ष्मीपुर में स्थित कुशीनगर इंटरनेशनल पब्लिक स्कूल ने एक बार फिर अपनी उत्कृष्ट शिक्षा व्यवस्था का परिचय दिया है। इस वर्ष विद्यालय के तीन मेधावी बच्चों क्रमशः नेबुआ राय गंज निवासी दिव्यांश पुत्र महेशचंद गुप्त, परसौनी निवासी अभय कुमार पुत्र दिलीप कुमार और नौरंगिया गांव निवासी विजय लक्ष्मी पुत्री रजनीश कुमार का चयन नवोदय विद्यालय में हुआ है, जिससे विद्यालय सहित पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है। वर्ष 2017 से संचालित इस विद्यालय ने कम समय में ही उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं। अब तक यहां से 20 से अधिक बच्चों का चयन नवोदय विद्यालय में तथा 10 से अधिक बच्चों का चयन सैनिक विद्यालय में हो चुका है। यह उपलब्धि विद्यालय की गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, समर्पित शिक्षकों और विद्यार्थियों की मेहनत का परिणाम है। बच्चों की इस सफलता से उनके परिवारजनों में खुशी का माहौल है। साथ ही क्षेत्रीय लोग भी विद्यालय की सराहना कर रहे हैं। विद्यालय प्रबंधक आशीष गुप्ता और प्रधानाचार्य शैलेन्द्र प्रताप सिंह ने सभी सफल विद्यार्थियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। ग्रामीण क्षेत्र में इस तरह की सफलता ने यह साबित कर दिया है कि यदि सही मार्गदर्शन और संसाधन मिलें, तो गांव के बच्चे भी राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा सकते हैं।
Comments
Post a Comment